Tuesday, November 29, 2011

आखिर हंगामा करना क्यों ज़रूरी है ?

खुदरा सेक्टर में विदेश निवेश को लेकर हाय तौबा मची है। हल्ला हंगामा सड़क से संसद तक में है। सरकार अड़ी है और लोकल ट्रे़डरों से लेकर उपभोक्ताओं तक के पास सवालों की झड़ी है। मसला गंभीर भी है कि आखिर खुदरा बाज़ार के 51 फीसदी हिस्से को कब्ज़ाने के बाद मोहल्ले के अंकल, आंटी या फिर चचा की दुकान का क्या होगा। महंगाई से त्रस्त और पस्त जनता पूछ रही है कहीं ये एक कदम ही तो काफी नहीं बर्बादे गुलिस्तां करने को। अपने अपने तर्क हैं...सरकारी कहती है...

छोटे मंझोले उद्योगों को फायदा होगा
किसानों को उपज का अच्छा दाम मिलेगा
उपभोक्ताओं को भी होगा लाभ
रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे
कंप्टीशन के वजह से चीज़े सस्ती होंगी

ये सारे तर्क हैं जिनको रखते हुए मनमोहन सरकार ने मल्टीब्रांड के लिए 51 फीसदी और एक ब्रांड के लिए 100फीसदी तक विदेशी निवेश को मंजूरी दी है। लेकिन तजुर्बा कुछ और ही तस्वीर पेश करता है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा फरमाते हैं कि तीन साल में रिटेल सेक्टर एक करोड़ नौकरियां उगलेगा। ऐसा दावा तब भी किया गया था जब पेप्सी और कोला को भारतीय बाज़ार में घुसाने की हाड़तोड़ कोशिश की गई थी। नौ मन तेल तो हुआ लेकिन...राधा नहीं नाचीं। बातें हवाई नहीं तर्कों के साथ हैं...

रिटेल की बड़ी कंपनियों का जोर कम कीमत पर उत्पादों की सोर्सिंग करने पर होता है
ज़रूरी नहीं वो स्थानीय उत्पादकों को ही तरजीह दें
स्थानीय उत्पादकों को फायदा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता नहीं
बाज़ार में मोनोपोली होने के बाद अगर दाम बढ़े फिर क्या

बात यहीं खत्म नहीं होती। जर्मनी और दक्षिणी कोरिया में वालमार्ट को हाल ही में खारिज किया जा चुका है। जापान में घुसने के लिए अमेरिकी कंपनियों ने एड़ी चोटी का ज़ोर लगा दिया लेकिन जापान ने गुंजाइश ही नहीं छोड़ी। थाइलैंड की खुदरा बाज़ार की तस्वीर और चौंकाने वाली है। यहां पिछले सालों में बड़ी रिटेल कंपनियों ने पूरे बाज़ार पर कब्ज़ा कर लिया और छोटे रिटेलर्ल्स को निगल गईं। ऐसे अगर खुदरा सेक्टर और उपभोक्ता दोनों के दिल बैठे जाएं तो मसला गंभीर हो जाता है और फिर ये फैसला सरकार की तरफ से थोपा हुआ सा लगता है।

Saturday, January 8, 2011

(टूटे विचार कुछ...जो पता नहीं कहां से, किस तरह ज़ेहन में टूट कर गिरे...इनका कोई सिरा मिले तो बताइएगा...पिछले कुछ दिनों से मन में ऐसी ही टूटी तस्वीरें बनती रहीं...न मुकम्मिल लफ्ज़ मिला कोई...न ही स्पष्ट आवाज़ सुनाई दी भीतर से...फिर भी...)
1.
बेतरतीब नफ़रत...
करीने से सजी मोहब्बत...  
अच्छी होती है
उसने कहा...
दोनों अंजाम तक पहुंचते हैं...
चुनना क्या है...
ये फैसला आप पर...

2.
उलझनें इतनी न हों ज़िंदगी में
सही और ग़लत पास-पास दिखे
इतना तो रहे कि...
कह सकें...
ये सही है और ये ग़लत

3.
दर्ज हो रहा है सब
ये सोचकर क्या लिखोगे नहीं...
कहोगे नहीं...
चलो...ठीक है
सुनो तो सही...
तुम्हारे उजाले में
हर रोज़ कोई सेंधमारी कर रहा है
आग चूल्हों से नहीं उठ रही...
कोई घर जल रहा है...

Wednesday, December 15, 2010

आईने...

1.
तुम आइने से साफ दिखते हो                  
सच कहो कितना हिसाब रखते हो
यहां हर मोड़ पर उलझते हैं रिश्ते
तुम कैसे सब साफ पाक रखते हो

2.
हर तरफ आइने रहने दो
हर तरफ इक सी शक्ल उतेरगी
न तोड़ पाएगा एक भी संग इसे
हर कहानी अपनी ही नज़र आएगी

3.
आइने से तस्वीरें ले लेकर
चस्पा हर गली मुहल्ले में हुई
ये आदमी गुम गया है कहीं
मिले तो मेरे घर का पता देना

4.
लम्स तुम्हारा मिला मुझे
अपनी तस्वीर को छूकर
चेहरे की लकीर ने मुस्काराकर
गुज़रे लम्हों की हरारत दे दी

5.
चौंक गया वो आइने में तस्वीर देखकर
घर से निकला था तब, चेहरा ऐसा तो नहीं था
या कि वो घर पर ही छूट गया
घर में लगे आइने को पता होगा

Sunday, December 5, 2010

घुन लगे चेहरे...

मेरे आसपास
जमात है घुन लगे चेहरों की
जिनके दिलों में दीमक की बांदियां भी मिल जाएंगी
उन घुन लगे चेहरों के
भीतर अक्सर पकता रहता है कुछ
हर रोज़ वो सांप और सीढ़ी का खेल खेलते हैं
हर रोज़...
वो अपने बदसूरत चेहरे को
ढंकते हैं शालीनता के नकाब से
वो रेप्टाइल हैं...
जिनकी रीढ़ नहीं
बेहद लिज़लिज़े और रेंगकर चलते लोग
जिनकी आंखों में खटक सकते हैं
आपके घरों में जलते चूल्हे
अगर आपने उन्हे, उनसे बिना पूछे जलाया है
ये छोटे पर बड़े लोग हैं...
बिना रीढ़ के
जो सतर्क हैं हर पल
जिनको मालूम है
उनकी गंदगी से कब तक सड़ांध नहीं आ सकती
और जब ऐसा हो जाता है
वो बदल देते हैं अपना ठीहा...
पर दिल नहीं बदलता
घुन लगे चेहरे बहुत हैं
एक बार देखिए तो अपने आसपास...

Friday, December 3, 2010

तुम्हारे लिए कुछ...

1.
कुछ उदास रातें
कुछ उदास दिन
कुछ उदास हंसी
कुछ उदास उम्मीद
शाखों से टूटीं हैं
तुम्हारे मुस्कुराते चेहरे ने
फिर से खिला दी हैं नई कोपलें

2.
तुम अब मेरे साथ हो
अब उन अंधेरों को
चिढ़ा सकता हूं मैं...
जो तुम्हारे दूर होने पर
भरते थे अक्सर
मेरी ज़िंदगी में स्याह रंग

3.
तुम्हारे जाने के बाद
घर कितना खाली लगता है
सारी खुशबू, सारी सांसें
पल भर में बुझ जाती हैं
ज़िंदगी, बड़ी बेहिस नज़र आती है?

Saturday, November 27, 2010

मुझे भूले तो नहीं...मेरे शहर


मेरे शहर...
तुम मुझे भूले तो नहीं होगे न...
मेरे लिए ये ज़रूर मुश्किल है
कि तुम्हे याद रखूं
मेरे इर्द-गिर्द हर रोज़ बवंडर उठता है
दिल में हूक का समंदर उठता है
बहुत पहले चुरा लिया गया हूं मैं
भरे बाज़ार में...

मेरी पहचान बुझ गई है
हर रोज़ नींद संकरी गलियों में
उलझा देती है मुझे...
आइने में मेरी जगह...
तुम दिखते हो मेरे शहर...

वक्त की हर तह, हर सिलवट
तुम्हारी तस्वीर में साफ नज़र आती है
तुम कहोगे नहीं...
पर कुछ बातें ये भी कह जाती हैं...

तुम मेरे बिन उदास तो होगे न
मेरे शहर...
खुद में झांककर...
मेरे छोटे से बड़े हुए पैरों के निशान
ढूंढ़ते तो होगे तुम भी कभी...
या कि तुम्हे भी...
वक्त नहीं मिलता
गुज़रे कल को खंगालने का...

आज और अभी के जाले में
तुम तो नहीं उलझ गए कहीं...
तुम मेरे घर के आंगन में
मुझे खेलते बढ़ते...देखते तो होगे न

और देखो, उसी बूढ़े जर्जर मकान के किसी कोने में
मेरे पिता का बचपन भी...
दबा होगा कहीं...
और आंगन के विस्तार में
खुले आकाश के नीचे...दबी होगी
उनके जाने की कहानी भी...

सब जोड़कर रखना मेरे शहर...
कभी लौटा...खुद को भूला हुआ
तो याद कराना
इन सभी से...

याद है...
अक्सर तुम्हारी रहस्यमयी गलियों में...
कैसे सहम जाता था मैं...
और कैसे तुम शांत पड़े रहते थे...
तुमने मुझे बताया था, मेरे शहर...
अंधेरे का मतलब...
सहमना नहीं होता उजाले की तलाश होती है...

मेरे शहर मेरे घर के चबूतरे को
बुहारते रहना...
अपने हिस्से की धूप से
और सके तो एक टुकड़ा हमेशा की तरह
ठाकुर जी की... कोठरी की
छोटी खिड़की सी फेंक दिया करना...
अंदर ताकि मेरे घर के हर हिस्से को
मेरी हरारत का लम्स मिलता रहे...

तुम तो जानते हो मेरे शहर...
बड़े शहरों की धूप बड़ी खुरदुरी होती है
और बड़े शहरों में
ऊंची दंभ से भरी इमारतों में
रहनेवाले  लोगों के दिल...
रेत की तरह भुरभुरे होते हैं....

मैं महसूस करता हूं कई बार
मेरा दिल कई बार धड़कता नहीं है...
कई बार उसकी धड़कन की रौ में...
फंसती रेत की किरकिरी महसूस करता हूं...
मेरे शहर...
हो सके तो मेरे घर के उस कमरे से
जहां मेरी नाल दफन है
कुछ मिट्टी भेज देना...

और हां मेरे प्यारे शहर...
वो किनारा तो तुम्हे याद होगा...
जहां मेरी अम्मा ने अंतिम बार
बंद आंखों और जमी देह से...
अपने पैरों से गंगा को स्पर्श किया था...
मेरे लिए...हो सके तो...
उस पानी के टुकड़े को बचा कर रखना...

क्योंकि जब लौटुंगा तुम्हारे पास
तो मेरे शहर...
मुझे ज़िंदा तो करोगे न तुम

और अंत में...
मेरे बहुत प्यारे शहर
खुदा के लिए...देखो
ये न कहना कि तुम भी बदल गए हो...
तुम्हारा दिल भी रेत हो चुका है...
मेरे शहर...
खुदा के लिए नहीं...
क्योंकि मेरे जिंदा होने की उम्मीद तुम हो...
और उनके भी जो अब नहीं हैं....
ये तो जानते हो न तुम...?

Thursday, November 18, 2010

रोटी...
जुगाड़ बन गई है
रोटी खिलवाड़ बन गई है
हड्डी के ढांचों पर राजनीति
अक्सर रोटी सेकती है...
तमाम दधिचियों की आहूति से...
हर रोज़ राजनीति चमकती है...
हर रोज़ किसी न्यूज़ चैनल पर...
इनकी खबरें वेश्या सी मचलती हैं...
सुनो अगर हो सके तो कान मत दो
मुल्ला, मस्जिदों में अज़ान मत दो
मंदिरों की घंटियों उतार फेंकों...
क्योंकि हर तरफ अस्थि पंजर फैले है...
शुभता का कहीं भी संकेत नहीं...
राजनीति में हर चेहरे
मनहूसियत की हद तक मैले हैं...